बिलासपुर: दिनदहाड़े घर में घुस गए तीन बदमाश… महिला डाककर्मी के सिर पर तान दी पिस्टल और लूट कर ले गए लाखों रुपए के गहने…

बिलासपुर। सरकंडा स्थित भूमि विहार कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े बाइक सवार 3 लुटेरे पिस्टल लेकर डाकघर की महिला कर्मचारी के घर घुस गए और पिस्टल अड़ाकर लाखों के गहने लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद एसपी रजनेश सिंह मौके पर पहुंचे। लुटेरों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

सरकंडा पुलिस के अनुसार भूमि विहार कॉलोनी में रहने वाली शालिनी देवांगन (24) डाक विभाग की कर्मचारी हैं। उनके पति पति शुभम देवांगन प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार दोपहर घर में शालिनी और उनकी सास थीं। सास खाना खाने के बाद आराम करने पहली मंजिल स्थित कमरे में चली गईं। दोपहर करीब ढाई बजे 3 बदमाश घर में घुस आए।

उन्होंने पिस्टल निकाली और शालिनी के सामने तान दी। गोली मारकर हत्या करने की धमकी देकर आरोपी शालिनी के मंगल सूत्र और अंगूठी लेकर बाइक से भाग निकले। बदमाशों के भागने के बाद शालिनी ने शोर मचाया। इस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचे एसपी

घटना की सूचना कॉलोनी में रहने वालों ने पुलिस को दी। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस दौरान एसपी रजनेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और शालिनी से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शालिनी और उनके पड़ोस में रहने वालों से पूछताछ की।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई आरोपियों की तस्वीर

कॉलोनी के पास एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की पुलिस ने जांच की। इस दौरान पुलिस ने शालिनी को भी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाई। बाइक से भागते 3 युवकों की फुटेज देखकर शालिनी ने उनकी पहचान लुटेरों के रूप में की। साथ ही कॉलोनी के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी आरोपियों की तस्वीर कैद हुई।

एएसपी का दावा- नकली थी पिस्टल

घटना के बाद एएसपी उमेश कश्यप ने कहा कि वारदात को लुटेरों ने अंजाम दिया है, लेकिन घटना में उपयोग की गई पिस्टल नकली थी। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान करने के साथ उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।