Bilaspur: दहशतगर्द मैडी 30 साथियों के साथ फैला रहा था दहशत… पुलिस पहुंची तो सारे साथी फरार, मैडी गिरफ्तार… कार में मिले घातक हथियार…

बिलासपुर। Bilaspur News। हिस्ट्रीशीटर मैडी उर्फ रितेश निखारे को पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस को उसके पास से अवैध पिस्टल मिली है। इसे जब्त कर आरोपित मैडी को न्यायालय में पेश किया गया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपित को जेल दाखिल कराया है।

एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर मैडी उर्फ रितेश निखारे के पास घातक हथियार है। इस पर एसीसीयू की टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके पास एक पिस्टल, तलवार और बेसबाल स्टीक मिले हैं।

एसीसीयू की टीम ने इसकी जानकारी अधिकारियों को देकर हिस्ट्रीशीटर को सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपित मैडी उर्फ रितेश निखारे के खिलाफ आर्म्स एक्ट की कार्रवाई की है। आरोपित हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है। आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।

हत्या के प्रयास के मामले में जमानत पर है आरोपित

आरोपित हिस्ट्रीशीटर मैडी के खिलाफ सिविल लाइन समेत शहर के अलग-अलग थानों में मारपीट के मामले दर्ज हैं। कुछ दिन पहले ही वह हत्या के प्रयास के मामले में जमानत पर जेल से छूटकर आया है। इसके बाद से वह कुछ दिनों तक शहर से बाहर रहा। इसी बीच सोमवार की शाम पुलिस ने उसे मंदिर चौक के पास हिरासत में ले लिया।

30 से अधिक मामले, पुलिस ने निकाली रैली

एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि आरोपित मैडी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 30 से अधिक मामले दर्ज हैं। गैंग बनाकर लोगों के बीच दहशत फैलाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस की टीम मंगलवार की दोपहर आरोपित को पैदल ही न्यायालय तक लेकर गई।

साथी हुए भूमिगत

पुलिस की टीम ने सोमवार की शाम हिस्ट्रीशीटर मैडी को हिरासत में लिया। इसके बाद उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी गई। इसकी भनक लगते ही मैडी के कई साथियों ने शहर छोड़ दिया है। पुलिस की टीम ने सिरगिट्टी, सिविल लाइन और सरकंडा क्षेत्र में मैडी के साथियों के ठिकानों पर दबिश दी। उसके साथी पुलिस को नहीं मिले। बताया जाता है कि मैडी गैंग से जुड़े लोग शहर से बाहर चले गए हैं।

जिलाबदर की भी हो चुकी है कार्रवाई

हिस्ट्रीशीटर मैडी के खिलाफ कई मामले दर्ज होने के कारण पुलिस ने उसे जिलाबदर भी किया था। समय सीमा पूरा होने के बाद वह शहर लौट आया था। इसी दौरान उसके साथियों ने चकरभाठा में रहने वाले युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके अलावा कुछ दिन पहले उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी।

वर्जन

पुलिस गुंडे बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाते रहेगी। आरोपित के गैंग के भी हिस्ट्रीशीट तैयार की जा रही है। इनके पुराने केस और शिकायतों को भी निकाला जा रहा है। बदमाशों के खिलाफ पुलिस सख्त रवैया अपनाएगी। आम लोगों की मदद के लिए पुलिस हमेशा तैयार मिलेगी।

रजनेश सिंह

एसपी बिलासपुर