छत्तीसगढ़: अपह्त 6 वर्षीय बालक को पुलिस की टीम ने किया सकुशल बरामद… बिलासपुर आईजी डांगी ने 10 हजार इनाम देने की घोषणा की… मोबाइल था बंद… फिर भी पुलिस ने ऐसे लगाया पता…

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने अपह्त हुए छह वर्षीय बालक को देर रात बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आईजी रतनलाल डांगी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार बीते शनिवार की शाम 6 बजे खरसिया निवासी व्यवसायी और कांग्रेस पार्षद रमेश अग्रवाल के छह वर्षीय पुत्र शिवांश को खिलावन दास महंत मोटरसाइकिल से ले गया था। खिलावन पहले रमेश अग्रवाल के घर में रसोइया का काम कर चुका था। करीब आधे घंटे तक जब दोनों नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। खिलावन का मोबाइल भी बंद बताने लगा। आनन-फानन में परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी।

आईजी रतनलाल डांगी को सूचना देने के बाद रायगढ़ एसपी संतोष सिंह रात में ही कप्तान संतोष सिंह खरसिया पहुंच गए और कैंप कर दिया। आईजी डांगी भी रात में खरसिया पहुंच गए। उन्होंने पूरी रायगढ़ पुलिस को अलर्ट किया और आरोपियों को पकड़ने के लिए 8 टीमें बनाई गईं। चूंकि रसोइया खिलावन का मोबाइल बंद था। इस बीच पुलिस को अहम सुराग तब मिला, जब एक अन्य नंबर चालू मिला, जिससे खिलावन की बात हो रही थी। यह दूसरा नंबर तेज़ी से झारखंड की ओर बढ़ रहा था। इस नंबर के आधार पर दो टीमों को झारखंड की ओर रवाना किया गया। झारखंड की पुलिस की मदद से टीम ने झारखंड के रांची से करीब 30 किमी पहले ख़ूंटी थाने के पास एक कार में खिलावन दास महंत, अमर दास महंत और संजय सिदार को मासूम शिवांश के साथ बरामद कर लिया। आईजी डांगी ने बालक को सकुशल बरामद करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। मासूम बालक के सकुशल बरामद होने की जानकारी मिलने पर परिजनों की जान में जान आई और उन्होंने आईजी डांगी को गुलदस्ता भेंटकर आभार जताया।