NSUI प्रदेश सचिव रंजेश बोले- सेंट जेवियर्स स्कूल प्रबंधन ने सरकारी जमीन पर किया कब्जा… निगम क्यों है चुप…

बुलडोजर की राजनीति: गरीब की झोपड़ी पर फौरन, स्कूल के अवैध कब्जे पर चुप क्यों? NSUI ने निगम को घेरा

बिलासपुर। व्यापार विहार स्थित सेंट जेवियर हाई स्कूल प्रबंधन पर शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने का गंभीर आरोप लगा है। एनएसयूआई छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव रंजेश सिंह ने कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त एवं भवन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

50 मीटर सड़क पर कब्जे का आरोप

रंजेश सिंह के अनुसार विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य मार्ग के सामने लगभग 50 मीटर तक सार्वजनिक भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर विशाल सीमेंट गेट, पक्के निर्माण, चेन एवं होर्डिंग लगा दिए हैं। इससे आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। पहले जिस मार्ग का उपयोग आम जनता करती थी, वह अब संकरा हो गया है।

“कानून सिर्फ गरीबों के लिए?” : रंजेश सिंह

निगम प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए रंजेश सिंह ने कहा, “जब कोई गरीब व्यक्ति सड़क किनारे छोटी झोपड़ी बना लेता है, तब प्रशासन तत्काल बुलडोजर चलाता है। लेकिन प्रभावशाली संस्थानों के खुलेआम कब्जे पर प्रशासन मौन क्यों है?” उन्होंने कहा कि सामान्य नागरिकों के अस्थायी कब्जे पर तत्काल नोटिस और तोड़फोड़ की कार्रवाई होती है, जबकि यहां शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।

एनएसयूआई की प्रमुख मांगें

1. निगम एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से स्थल निरीक्षण कराया जाए।

2. भूमि के राजस्व रिकॉर्ड, नक्शा, डायवर्सन एवं भवन अनुमति की जांच की जाए।

3. अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल हटाने की कार्रवाई हो।

4. दोषी संस्था एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

5. बाधित मार्ग को जनहित में पुनः बहाल किया जाए।

6. प्रभावशाली लोगों पर भी समान कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आंदोलन की चेतावनी

रंजेश सिंह ने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर कब्जा जनता के अधिकारों का हनन है। यदि निगम प्रशासन शीघ्र निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करता, तो एनएसयूआई जनहित में आंदोलन करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।