BILASPUR NEWS सड़क पर हंगामा कर रही महिला के सामने सब बने तमाशबीन… रौनक साव ने दिखाई इंसानियत… लाठी लेकर लोगों पर बरस रही थी महिला… देखिये वीडियो…

मानवता की मिसाल: गुस्से में सड़क पर घूम रही महिला को संभालकर पुलिस को सौंपा

बिलासपुर। शहर की सड़क पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही एक महिला अर्धनग्न अवस्था में लाठी लेकर हंगामा करने लगी। महिला इतनी आक्रोशित थी कि सड़क से गुजर रहे लोगों पर लाठी बरसा रही थी। उसके गुस्से के सामने कोई भी उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।

बताया जा रहा है कि महिला ने सड़क किनारे लगे कई ठेलों में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद उसने एक कार का कांच भी फोड़ दिया। महिला लगातार आक्रामक बनी हुई थी। वह लाठी लेकर लोगों की ओर दौड़ती और हमला करने की कोशिश करती। लिहाजा आसपास मौजूद लोग उससे सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े हो गए। मौके पर मौजूद कई लोग पूरी घटना देखते रहे, लेकिन महिला को रोकने के लिए आगे आने का साहस किसी ने नहीं किया।

इसी बीच समाजसेवी रौनक साव वहां पहुंचे। उन्होंने जब महिला की हालत और आसपास खड़े तमाशबीन लोगों को देखा तो खुद आगे आने का फैसला किया। महिला के हाथ में लाठी थी और वह लगातार गुस्से में थी, इसके बावजूद रौनक साव ने जोखिम उठाया।

उन्होंने बेहद सावधानी से महिला को पीछे से पकड़ लिया और उसके दोनों हाथों को नियंत्रित किया। इसके बाद कुछ अन्य लोग भी मदद के लिए दौड़े और महिला के हाथों को बांधा गया। महिला को कपड़े पहनाए गए और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार पुलिस ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।

इस घटना में एक ओर जहां महिला की मानसिक स्थिति और उसके आक्रामक व्यवहार ने लोगों को भयभीत कर दिया था, वहीं दूसरी ओर रौनक साव ने भीड़ का हिस्सा बनकर तमाशा देखने के बजाय जोखिम उठाकर मदद का हाथ बढ़ाया।

रौनक साव की यह पहल बताती है कि मुश्किल परिस्थिति में इंसानियत और संवेदनशीलता के साथ उठाया गया एक कदम किसी बड़ी दुर्घटना को टाल सकता है।