बिलासपुर: नाराज सिम्स कर्मचारियों ने किया जल सत्याग्रह… वेतनवृद्धि नहीं होने के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल…

बिलासपुर। वेतनवृद्धि नहीं होने से सिम्स के नाराज कर्मचारियों ने बुधवार को अरपा नदी में जल सत्याग्रह शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने सिटी कोतवाली पुलिस को मौके पर भेजा, जहां पुलिस ने कर्मचारियों को मान-मनौव्वल कर नदी से बाहर आने कहा और चयनित जगह पर ही शांतिपूर्ण तरीके से धरना देने कहा। इसे बाद भी कुछ कर्मचारी नदी में ही सत्याग्रह कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने खींचकर नदी से निकाला।

मांग पूरी नहीं होने के कारण तीसरे दिन बुधवार को भी सिम्स के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ महिला कर्मचारियों ने भी अरपा नदी की बहते धार के बीच उतरकर सत्याग्रह की शुरुआत 11 बजे से कर दी। सड़क पर आने जाने वाले लोग नदी के बीच जाते देख वाहन रोककर रिवर व्यू सड़क और नदी में बने पुल पर खड़े होकर उन्हें देखते रहे। इसकी जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने सिटी कोतावाली पुलिस को मौके पर भ्ोजा। पुलिस ने आंदोलनकारी कर्मचरियों को समझाया कि इस तरह का प्रदर्शन न करे। आपकी मांग यदि जायज है तो शांतिपूर्ण तरीके से चयनित जगह पर ही धरना दें। कुछ कर्मचारी पानी पर बैठे थे, जिन्हें खींचकर नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस लौट गई।