बिलासपुर: अरपा में दो बैराज बनाने सरकार ने 99 करोड़ किए जारी… विधायक शैलेश ने कहा- हमारी सरकार जनता को मुंगेलीलाल के सपने नहीं दिखाती… जो कहती है, वो करती है…

बिलासपुर। अरपा में बाहरमासी पानी रहे, इसका प्रबंध राज्य शासन ने कर दिया है। मंगलवार को वित्त विभाग ने अरपा नदी में दो बैराज बनाने के लिए 99 करोड़ रुपए का फंड जारी कर दिया है। वित्त विभाग ने प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। शहर विधायक शैलेष पांडेय ने विधानसभा सत्र के दौरान राशि की मांग रखी थी।

विधायक शैलेश पांडेय का कहना है कि छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती सरकार ने जनता को ढेरों हसीन सपने दिखाए थे। टेम्स नदी बनाने के नाम पर जनता को धोखा दिया गया था। नदी किनारे की जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। सर्वे के नाम पर करोड़ों रुपए फूंके गए थे, लेकिन टेंडर में भाग लेने के लिए कोई कंपनी सामने नहीं आई। हम जनता को मुंगेली लाल के समने नहीं दिखाते। हमारी सरकार जो कहती है, वो करके दिखाती है।

अरपा नदी में शिव और पचरीघाट में बैराज निर्माण को राज्य शासन ने हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बीते दिनों कृषि मंत्री रविंद्र चौबे का प्रवास हुआ था। प्रवास के दौरान उन्होंने बैराज निर्माण के लिए स्थल निरीक्षण किया था। स्थल निरीक्षण के बाद जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की मीटिंग ली थी व ड्राइंग डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए थे। अरपा में बैराज निर्माण को निरीक्षण के दौरान उनके साथ शहर विधायक पांडेय भी मौजूद थे।

विधायक ने अरपा में बाहरमासी पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए बैराज निर्माण के लिए शिव घाट और पचरीघाट का जगह की सलाह दी थी। ये दो ऐसी जगह है, जहां जल भराव से आसपास का पूरा नदी का इलाका पानी से लबालब रहेगा। इसके साथ ही जल स्तर में भी सुधार होगा। उनके सुझाव पर सहमति जताते हुए दोनों ही जगहों पर बैराज के लिए ड्राइंग डिजाइन तैयार करने के साथ ही जल संसाधन विभाग ने प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसी बीच सिंचाई विभाग ने भी शहर में दो बैराज बनाने के लिए शासन से फंड मांगा है।

बैराज की ऊंचाई साढ़े पांच मीटर रहेगी। सिंचाई विभाग की प्रस्तावित कार्ययोजना के अनुसार एक बैराज किला वार्ड के पास और दूसरा कुदुदंड सर्किट हाउस के पास बनेगा। किला वार्ड में प्रस्तावित बैराज की ऊंचाई साढ़े पांच मीटर रखने की तैयारी है। इससे पूरे साल अरपा लबालब भरी रहेगी।

सीएम ने ट्वीट कर दी जानकारी

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि अरपा नदी में पचरी और शिव घाट के पास बैराज निर्माण के लिए फंड जारी कर दिया है। इस योजना से जल संरक्षण, पेयजल एवं जलसंवर्धन का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। बैराज निर्माण के कार्य को पूर्ण करने के लिए जलसंसाधन विभाग से मुख्य अभियंता हसदेव कछार जलसंसाधन संभाग बिलासपुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। बैराज निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ होगा

अरपा नदी में दो बैराज निर्माण के लिए मैंने विधानसभा सत्र के दौरान मांग की थी। मेरी मांग पर सीएम ने सहमति जताते हुए पूरा करने का आश्वासन दिया था। वित्त विभाग से प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। भावी पीढ़ी की बेहतरी के लिए यह आवश्यक कार्य होगा।

शैलेष पांडेय, विधायक, बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र