बिलासपुर: नगर निगम शहर की 127 दुकानों पर चलाएगा बुलडोजर… जनप्रतिनिधि भी डकार गए हैं दुकानों की राशि… जानिए कहां का है मामला…

बिलासपुर। नगर निगम एक बार फिर शहर के अंदर बेजाकब्जा हटाने की बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। इसके लिए सर्वे शुरू करने के निर्देश दे दिए गए हैं। अब की बार कार्रवाई अरपापार बसंत विहार के सामने मौजूद अवैध दुकानों पर होगी।

सीमा विस्तार के बाद नगर निगम में आसपास की 15 ग्राम पंचायतों को जोड़ दिया गया है। लिंगियाडीह उन्हीं पंचायतों में से एक है, जो अब निगम का हिस्सा है। लिंगियाडीह पंचायत में एसईसीएल की आवासीय कालोनी बसंत विहार से लेकर राजकिशोर नगर चौक तक सड़क किनारे सरकारी जमीन पर कब्जा करके करीब 127 दुकानों का निर्माण कर दिया गया। इनमें बहुत से सब्जी विक्रेता भी शामिल हैं। निगम इन्हें हटाकर अब इस जगह पर गार्डन बनाने की तैयारी में है। मैदानी अमले को सर्वे कर रिपोर्ट देने कहा गया है। इसके बाद कार्रवाई होगी। सब्जी बेचने वालों को बसंत विहार के बगल में खाली पड़े बाजार में बसाया जाएगा। शेष व्यापारियों को वहां से हटाने की तैयारी है। निगम जल्द ही यहां अपना अभियान शुरू करने जा रहा है।

पंचायत पदाधिकारी डकार गए सब्जी बाजार की दुकानें

नगर निगम की प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि लिंगियाडीह पंचायत द्वारा बसंत विहार के बगल में बनाई गई सब्जी बाजार की दुकानें आबंटित करने में भी जमकर घालमेल हुआ है। पंचायत पदाधिकारी और पूर्व पंचायत सचिवों ने भी अपने रिश्तेदारों के नाम पर यहां कई दुकानें पहले ही आबंटित कर रखी है। बेजाकब्जा हटाने के बाद सब्जी दुकानों की बंदरबांट पर भी निगम कार्रवाई करेगा।

आयुक्त बोले- जल्द फर्जी आवंटन करेंगे निरस्त

आयुक्त प्रभाकर पांडेय का कहना है कि अरपा पार सरकारी जमीनों पर अवैध निर्माण पर जल्द ही कार्रवाई होगी। सब्जी बाजार के दुकान आबंटन पर भी प्रारंभिक जानकारी ली जा चुकी हैँ। जल्द ही फर्जी आबंटन को भी निरस्त किया जाएगा।