छत्तीसगढ़: मिशन 70 फतह कर कांग्रेस ने जीता सेमीफाइनल… अब फाइनल की तैयारी बिलासपुर से… 26 नवंबर को विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने पीसीसी चेयरमैन समेत दिग्गज नेता टटोलेंगे नब्ज… सुनेंगे समस्याएं और देंगे जीत के टिप्स… कार्यकर्ता लेंगे महासंकल्प…

बिलासपुर। ये अलग बात है कि छत्तीसगढ़ राज्य में विधानसभा चुनाव को अभी तीन साल बचे हैं, लेकिन मरवाही उपचुनाव के नतीजे के बाद से राजनीतिक पार्टियां 2023 में होने वाले मुख्य चुनाव की तैयारियों में लग गई हैं। भाजपा ने मरवाही उपचुनाव को सेमीफाइनल का नाम दिया था। कांग्रेस ने मिशन 70 का टारगेट रखकर चुनाव लड़ा। नतीजे कांग्रेस के पक्ष में उत्साहजनक आए। जीत कार्यकर्ताओं को समर्पित की गई।

इसी उत्साह को कार्यकर्ताओं के मन में बरकरार रखने के लिए 26 नवंबर को बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन रखा जा रहा है। मकसद साफ है। इस सम्मेलन के बहाने जिला कांग्रेस कमेटी कार्यकर्ताओं के मन को टटेगी कि वे फाइनल के लिए कितने तैयार हैं। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार राजेश तिवारी और खनिज विभाग निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन आएंगे। कांग्रेस से जुड़े राजनीतिक सूत्रों की मानें तो पीसीसी चेयरमैन से लेकर कांग्रेस के दिग्गज पदाधिकारी पहले तो कार्यकर्ताओं की समस्याएं जानेंगे। फिर उनके क्षेत्र की समस्याओं पर फोकस करेंगे। इन समस्याओं से कैसे निपटना है, इस बारे में भी चर्चा होगी। फिर आएगा प्रमुख मुद्दा। राज्य सरकार के दो साल के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और कल्याणकारी फैसलों को कैसे घर-घर तक पहुंचाया जाए, इस पर मंथन होगा। माना जा रहा है कि बिलासपुर जिले में ही सेमीफाइनल जीता तो फाइनल की तैयारी की शुरुआत भी यहीं से की जा रही है।

दोपहर एक बजे शुरू होगा सम्मेलन

जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले आयोजित सम्मेलन की शुरुआत 26 नवंबर की दोपहर 1 बजे से होगी, जिसमें जिले के सभी विकासखंडों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मरकाम, प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार राजेश तिवारी एवं खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही बिलासपुर विधायक शैलेश पांडे, संसदीय सचिव रश्मि सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, अपैक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अर्जुन तिवारी, विधायक मोहित केरकेट्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, महापौर रामशरण यादव भी शिरकत करेंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं।

हर ब्लॉक मुख्यालय में चल रही हैं तैयारियां

सम्मेलन में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले के सभी विकासखंड मुख्यालय समेत विभिन्न स्थानों पर पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों का सिलसिला चल रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केसरवानी स्वयं विभिन्न विकासखंड मुख्यालयों के साथ-साथ जिले के शहरी क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें ले रहे हैं।

लेंगे महासंकल्प

सम्मेलन में शामिल होने वाले हजारों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं प्रदेश सरकार के जनहितकारी फैसलों, और गरीबों के कल्याण के लिए लागू की जा रही योजनाओं को गांव-गांव में जन-जन तक पहुंचाने का महा-संकल्प लेंगे।