छत्तीसगढ़: जांजगीर-चांपा के कलेक्टर रहे जेपी पाठक पर बलात्कार का आरोप… महिला ने कहा- चेंबर में बनाते थे शारीरिक संबंध… जानिए क्या है पूरा मामला…

बिलासपुर। जांजगीर-चांपा जिले के पूर्व कलेक्टर जेपी पाठक पर पूर्व जनपद सदस्य ने बलात्कार का आरोप लगाया है। महिला ने कई साक्ष्य के साथ वर्तमान कलेक्टर यशवंत कुमार से शिकायत की है। जिस पर कलेक्टर ने एसपी पारूल माथुर को जांच के निर्देश दिए हैं। इस सम्बन्ध में चीफ सिकरेट्री आरपी मंडल ने भी कहा है कि उनके पास अभी कोई जानकारी नहीं आई है, लेकिन इस मामले में वो जानकारी लेकर परीक्षण कराएंगे।
मिली जानकारी के अनुसार महिला का आरोप है कि 15 मई को उसके साथ कलेक्टरेट में ही कलेक्टर पाठक ने अपने चेंबर में ही उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। आरोप है कि महिला को एनजीओ का काम दिलाने के एवज में कलेक्टर ने उसे झांसा दिया और उसका बलात्कार किया। आरोप है कि महिला के साथ एक बार नहीं, कई दफे कलेक्टर ने शारीरिक संबंध बनाया और बार-बार ये झांसा देते रहे कि जल्द ही उसके एनजीओ को काम दिला देंगे, लेकिन करीब डेढ़ महीने बाद भी कलेक्टर ने महिला का काम नहीं किया।

महिला ने कलेक्टर के साथ अपनी बातचीत की रिकार्डिंग और कुछ तस्वीरें भी पुलिस को दी हैं। महिला ने जो बातचीत और मैसेज के सबूत दिए हैं, उसमें कलेक्टर की उससे नियमित बात होती थी। हैरानी की बात ये है कि महिला से ना सिर्फ कलेक्टर आपत्तिजनक बातें किया करते थे, बल्कि पर्सनल तस्वीरों की भी डिमांड किया करते थे। कई दफा कलेक्टर ने महिला की प्राइवेट पार्ट की भी तस्वीरें मोबाइल पर मंगाई थीं।

2007 बैच के IAS जनक पाठक का जांजगीर कलेक्टर थे और उन्हें हाल ही में मंत्रालय में वापस बुलाते हुए भू-अभिलेख में पदस्थ किया गया है। महिला का आरोप है कि ना सिर्फ महिला से पर्सनल तस्वीरें मांगी जाती थी, बल्कि खुद भी कलेक्टर अपना पर्सनल फोटो भेजा करते थे। महिला का आरोप है कि जब कलेक्टर की तरफ से झांसा दिये जाने का अहसास उ हुआ तो उसने कलेक्टर से दूरियां बनानी शुरू कर दी।

कलेक्टर को जैसे ही महिला का बदला व्यवहार नजर आया, उन्होंने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। यही नहीं महिला का आरोप है कि उसके पति को नौकरी से बर्खास्त तक करने की धमकी दी गई। कलेक्टर की दबंगई देखकर महिला सहम गई। आरोप है कि इसलिए कलेक्टर रहते तक वो चुप रही और अब तबादला होने के बाद उसने पुस में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने जांजगीर महिला थाने में कलेक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।