छत्तीसगढ़ से गुजरते हुए 17 राज्यों में जाता है नशे का सामान… सीएम भूपेश बोले- स्टेट बॉर्डर पर चेकपोस्ट बनाकर कराई जाएगी जांच…

रायपुर। गांजा और दूसरे मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस बड़ी तैयारी कर रही है। आंध्र और ओडिशा से 6०० करोड़ रुपए से भी ज्यादा का गांजा यहां से पूरे देश में भेजा जाता है। जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने डीजीपी डीएम अवस्थी को पड़ोसी राज्यों से जुड़ी सीमाओं पर पुलिस चेकपोस्ट बनाने के निर्देश दिए हैं। जिसमें कैमरा और पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बल की तैनाती के लिए भी कहा गया है। डीजीपी ने भी बॉर्डर वाले जिलों के सभी एसपी को निर्देश जारी कर दिया है। गांजा, शराब एवं अन्य अवैध वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाने को कहा है।

ओडिशा-आंध्र से देशभर में पहुंचता है नशे का सामान

ओडिशा के गांजे की मांग बढ़ने से 17 राज्यों के तस्कर यहां आने लगे हैं। ओडिशा में पहले गांजे की खेती कोरापुट जिले के व्यापारीगुड़ा, आंध्र ओडिशा बॉर्डर और मलकानगिरी में होती थी। मांग बढ़ने पर अब नवरंगपुर जिले में इसकी खेती शुरू हो गई है। साथ ही कंधमाल, कालाहांडी, गंजाम, भवानीपट्नम, मुन्नीमुड़ा में भी खेती शुरू हो गई है। आंध्रप्रदेश में बड़े स्तर पर खेती और तस्करी होती है।