मुंगेली में गिरदावली का कार्य अब तक मात्र 50 प्रतिशत पूर्ण… कलेक्टर ने व्यक्त की नाराजगी… गिरदावली का कार्य हर हाल में 20 सितम्बर तक पूरा करने के निर्देश…

मुंगेली। जिले में गिरदावली कार्य की प्रगति कम होने पर कलेक्टर पीएस एल्मा ने जमकर नाराजगी जताई है। उन्होंने हर हाल में 20 सितंबर तक कार्य पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है।

कलेक्टर एल्मा ने बताया कि समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी का कार्य राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। गिरदावली से ही पता चलेगा कि वास्तव में कितने रकबे में किसानों द्वारा फसल लगाई गई है। अब तक केवल 50 प्रतिशत ही गिरदावली का कार्य पूर्ण होने पर उन्होंने अपनी नराजगी व्यक्त करते हुए हर हाल में गिरदावली का कार्य 20 सितम्बर तक पूरा करने के निर्देश दिये है। उल्लेखनीय है कि गिरदावली का कार्य विगत माह 1 अगस्त से प्रारंभ हुआ है।

उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य में धान विक्रय करने वाले किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। गिरदावली के अंतर्गत खसरा नंबर के आधार पर पंजीकृत किसानो से धान की खरीदी की जाएगी।  इस हेतु उन्होंने गिरदावली का कार्य हर हाल में निर्धारित अवधि में पूरा करने के निर्देश दिये हैं।