टाटा ग्रुप ने एअर इंडिया को खरीदने के लिए लगाई बोली… एयर इंडिया 68 साल बाद घर वापसी कर सकती है…

नई दिल्ली। एयर इंडिया 68 साल बाद घर वापसी कर सकती है। टाटा ग्रुप और स्पाइसजेट के चेयरमैन अजय सिह ने एअर इंडिया को खरीदने के लिए बोली लगाई है। बोली लगाने की मंगलवार को अंतिम तारीख थी। एअर इंडिया पहले टाटा ग्रुप के पास ही थी। बोली लगाने का समय 6 बजे तक था। जो भी कंपनी इस बिड में फाइनल की जाएगी, उसे दिसंबर तक एअर इंडिया सौंप दी जाएगी।

1932 में टाटा ने शुरू की थी एअर इंडिया

एअर इंडिया को 1932 में टाटा ग्रुप ने ही शुरू किया था। टाटा समूह के जेआरडी टाटा इसके फाउंडर थे। वे खुद पायलट थे। तब इसका नाम टाटा एअर सर्विस रखा गया। 1938 तक कंपनी ने अपनी घरेलू उड़ानें शुरू कर दी थीं। दूसरे विश्व युद्ध के बाद इसे सरकारी कंपनी बना दिया गया। आजादी के बाद सरकार ने इसमें 49 पर्सेंट हिस्सेदारी खरीदी।